ताजा खबर

खजुराहो-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस की चैन पुलिंग के बाद हादसा, चार यात्रियों की मौत की आशंका
15-Jun-2026 9:27 AM
खजुराहो-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस की चैन पुलिंग के बाद हादसा, चार यात्रियों की मौत की आशंका

-मोहर सिंह मीणा

राजस्थान के धौलपुर और मध्य प्रदेश के हेतमपुर (ज़िला मुरैना) रेलवे स्टेशनों के बीच खजुराहो–उदयपुर सिटी एक्सप्रेस की चैन पुलिंग के बाद हुए हादसे में तक़रीबन चार यात्रियों की मौत की आशंका जताई जा रही है.

उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता डॉ शिवम शर्मा ने हादसे की जानकारी देते हुए फ़ोन पर बताया, "गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस के इंजन से दूसरे कोच (जनरल कोच) में किसी यात्री के अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) किए जाने के कारण गाड़ी सेक्शन में रुक गई."

"शुरुआती जानकारी के मुताबिक गाड़ी के रुकने के दौरान कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर पास के रेल लाइन पर चले गए."

"इसी दौरान गाड़ी संख्या 20424 फ़िरोज़पुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की सूचना मिली है."

डॉ शिवम शर्मा ने आगे बताया कि, "घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल, सरकारी रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. हादसे में घायल यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. घटना के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है."

रेलवे के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि, "इस हादसे में क़रीब चार यात्रियों की मौत की आशंका जताई जा रही है. यह संख्या बढ़ भी सकती है."(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट