ताजा खबर
15 जुलाई से पहले साढ़े पांच हजार शिक्षकों की भर्ती- यादव
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 14 जून। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र में स्कूलों में मंत्रोच्चार के साथ अध्ययन-अध्यापन की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि आत्मानंद, विवेकानंद एवं अन्य उत्कृष्ट विद्यालयों के लिए 15 जुलाई से पहले करीब साढ़े पांच हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
मीडिया से चर्चा में गजेन्द्र यादव ने कहा कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में पदस्थापना के इच्छुक शिक्षकों के आदेश एक-दो दिन में जारी कर दिए जाएंगे। इसके लिए अंग्रेजी सहित अलग-अलग विषयों के शिक्षकों से आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि विभाग ने भर्ती प्रक्रिया की तैयारी पूरी कर ली है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर नियुक्तियां की जाएंगी।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि इन नियुक्तियों से उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया में प्रसारित उस सूचना का भी खंडन किया, जिसमें शिक्षकों को स्कूल परिसरों में कुत्ता पकड़ने के अभियान में शामिल किए जाने की बात कही गई थी। गजेन्द्र यादव ने स्पष्ट किया कि शिक्षा विभाग की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है और वायरल हो रही जानकारी भ्रामक है।


