ताजा खबर

जमीन विवाद में किसान की हत्या, मारपीट के बाद ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप; 8 आरोपी गिरफ्तार
14-Jun-2026 6:45 PM
जमीन विवाद में किसान की हत्या, मारपीट के बाद ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप; 8 आरोपी गिरफ्तार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 14 जून।
सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरई-सिलमा गांव में रविवार को जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवादित कृषि भूमि पर कब्जे और जुताई को लेकर हुए संघर्ष में एक किसान की कथित रूप से ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर जब्त कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिलमा निवासी होसराम पैकरा (60) और पथरई निवासी बजरंग पैकरा के बीच लगभग 6.30 एकड़ कृषि भूमि के स्वामित्व एवं नामांतरण को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा था। यह मामला राजस्व न्यायालय में लंबित बताया जा रहा है। दोनों पक्ष उक्त भूमि पर अपना-अपना अधिकार जता रहे थे।
बताया गया है कि रविवार को एक पक्ष खेत में जुताई-बुआई के लिए पहुंचा था। इसकी सूचना मिलने पर होसराम पैकरा अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और जुताई का विरोध किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के 7 से 8 लोगों ने होसराम तथा उनके परिजनों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मारपीट के दौरान होसराम पैकरा जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद आरोपी पक्ष के एक युवक ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।

सूचना मिलते ही सीतापुर एसडीओपी राजेंद्र मंडावी, बतौली थाना प्रभारी विवेक सेंगर सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भुवनेश्वर, बजरंग, उमेश, मनोज, रघुनंदन, बोधन, कमली और प्यारी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। ट्रैक्टर चालक उमेश को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।

मृतक के परिजनों का कहना है कि भूमि विवाद को लेकर पहले से तनाव की आशंका थी और इस संबंध में कुछ दिन पूर्व थाना बतौली में आवेदन देकर सुरक्षा की मांग भी की गई थी। इसके बावजूद विवाद हिंसक रूप ले बैठा।

जानकारी के अनुसार, विवादित भूमि मूलत: कामेश्वरी के नाम दर्ज थी। उनके नि:संतान होने तथा भरण-पोषण की जिम्मेदारी धनेश्वरी द्वारा निभाए जाने के आधार पर भूमि का वसीयतनामा धनेश्वरी के पक्ष में किए जाने का दावा किया जा रहा है। वहीं दूसरे पक्ष द्वारा भी भूमि पर स्वामित्व का दावा किया जा रहा है, जिसके चलते नामांतरण संबंधी मामला लंबे समय से लंबित है।

पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट