ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 14 जून। कांकेर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना छोटेबेठिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टेकमीटोला के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने लगभग 5 किलोग्राम वजनी एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया, जिसे बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।
पुलिस के अनुसार बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी., डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा तथा 94वीं वाहिनी बीएसएफ के सेनानी रविन्द्र सिंह चंदेल के निर्देशन में जिले के संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत रविवार को जिला पुलिस, बीएसएफ और बीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान टेकमीटोला के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग करते समय एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया गया। सुरक्षा बलों ने तत्काल क्षेत्र को सुरक्षित कर बम निरोधक दस्ते को बुलाया, जिसके बाद आईईडी को सफलतापूर्वक डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया गया।
अभियान का नेतृत्व बीएसएफ के सहायक कमांडेंट रमेश कुमार रजक, इंस्पेक्टर सुमन कंथोसू और उप निरीक्षक रोशन लाल मीणा ने किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों से नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।


