ताजा खबर
युकां अध्यक्ष चुनाव : सिंहदेव के भतीजे ने किया लड़ने से इंकार
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 14 जून। प्रदेश युवक कांग्रेस के चुनाव को लेकर गहमा-गहमी तेज हो गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रदेशभर से अध्यक्ष पद के करीब 35 दावेदारों का दिल्ली में इंटरव्यू हुआ। इनमें पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के बेटे आदित्य, पूर्व विधायक अरुण वोरा के बेटे संदीप और कुनकुरी नगर पंचायत के अध्यक्ष विनयशील समेत कई अन्य शामिल थे। इंटरव्यू के लिए पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के भतीजे आदित्येश्वरशरण सिंहदेव को भी बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने सूचना दे दी कि वे चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं हैं। चुनाव जुलाई के पहले सप्ताह में होने की संभावना है।
युवक कांग्रेस चुनाव को लेकर कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। युवक कांग्रेस की राष्ट्रीय इकाई ने संगठन में बेहतर काम करने वाले प्रदेशभर के 35 दावेदारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया था। इंटरव्यू पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब और प्रभारी मनीष शर्मा ने लिया।
सूत्रों के मुताबिक इंटरव्यू के लिए बुलाए गए नेताओं में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के बेटे आदित्य और पूर्व विधायक अरुण वोरा के बेटे संदीप भी शामिल हैं। दोनों ही युवक कांग्रेस में काफी सक्रिय हैं। इसके अलावा कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील, बलौदाबाजार-भाटापारा के जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र बंजारे, बिलासपुर के माघवेन्द्र गंगोत्री, लोकेश वशिष्ठ, बस्तर के जीशान कुरैशी और हनी बग्गा का भी इंटरव्यू हुआ। इसके अलावा सोनू शर्मा सहित कुछ अन्य नेताओं का भी इंटरव्यू लिया गया। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के भतीजे आदित्येश्वरशरण सिंहदेव को भी इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वे चुनाव नहीं लड़ना चाहते।
बताया गया कि इंटरव्यू में सफल होने वाले नेताओं को ही चुनाव लड़ने की अनुमति दी जाएगी। अध्यक्ष पद के साथ-साथ 12 उपाध्यक्ष पदों के लिए भी चुनाव होना है। अगले दो-तीन दिनों में अध्यक्ष पद के पात्र उम्मीदवारों की सूची जारी होने की संभावना है। चुनाव 1 से 5 जुलाई के बीच हो सकते हैं।
चुनाव में बड़े नेताओं की भी दिलचस्पी बताई जा रही है। चर्चा है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील का समर्थन कर सकते हैं, जबकि भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव, नरेंद्र बंजारे के पक्ष में बताए जाते हैं। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। माना जा रहा है कि नामांकन के बाद वे अपना रुख स्पष्ट कर सकते हैं। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 21 से 25 जून तक चलेगी। फिलहाल, पात्र दावेदारों की सूची का इंतजार किया जा रहा है।


