ताजा खबर
हर जिले में 5 सौ प्रमुख लोगों से संपर्क करने लक्ष्य
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 14 जून। मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उसकी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा ने प्रदेशभर में व्यापक संपर्क अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत पार्टी नेता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। खास बात यह है कि भाजपा नेताओं को कांग्रेस विधायकों के घर जाकर भी मोदी सरकार की उपलब्धियों से संबंधित पुस्तिका और पाम्पलेट भेंट करने के निर्देश दिए गए हैं।
भाजपा का यह संपर्क अभियान 24 जून तक चलेगा। अभियान में सांसदों, विधायकों, जिला पदाधिकारियों और प्रदेश पदाधिकारियों को प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी का उद्देश्य विभिन्न वर्गों तक केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाना है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम 500 लोगों से संपर्क कर मोदी सरकार के 12 वर्षों के कामकाज का ब्यौरा देने का लक्ष्य दिया गया है। संपर्क अभियान में समाजसेवी, डॉक्टर, शिक्षक, कलाकार, उद्योगपति, व्यवसायी तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की जाएगी।
सूत्रों का कहना है कि प्रमुख नेताओं को कांग्रेस विधायकों के घर जाकर भी केंद्र सरकार की उपलब्धियों की पुस्तिका सौंपने के लिए कहा गया है। अभियान की प्रगति पर पार्टी नेतृत्व की नजर रहेगी और सभी पदाधिकारियों को अपने संपर्क कार्यक्रम की रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजनी होगी।


