ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर , 14 जून । सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विप्र नगर (रायपुरा) में आज 'महतारी सदन' एवं 'महिला योग भवन व जुंबा सेंटर' का भव्य लोकार्पण आधिकारिक तौर पर संपन्न हुआ।
पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के विजन से यह ₹1.20 करोड़ की लागत से निर्मित हुआ है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विधायक व पूर्व सांसद सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं सभापति सूर्यकांत राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पश्चिम क्षेत्र के सभी मंडलों के अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, व मंडल के महामंत्री सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।महतारी सदन (लागत: ₹80 लाख): इस संकुल के अंतर्गत समाज के आर्थिक रूप से कमजोर (कम आय वर्ग) और मध्यम वर्गीय परिवारों के नौनिहालों के लिए कॉन्वेंट की तर्ज पर एक आधुनिक प्ले स्कूल एवं डे-केयर सेंटर स्थापित किया गया है। यहाँ बच्चों को निःशुल्क अथवा अत्यंत रियायती दरों पर विश्वस्तरीय प्रारंभिक व्यावहारिक व बौद्धिक शिक्षा प्रदान की जाएगी।
महिला योग भवन एवं जुंबा सेंटर (लागत: ₹40 लाख): मातृशक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन हेतु पृथक से ₹40 लाख की लागत से छत्तीसगढ़ का पहला शासकीय सर्वसुविधायुक्त फिटनेस हब तैयार किया गया है।
इसके सुचारू प्रबंधन की जिम्मेदारी भी प्रतिष्ठित संस्था 'महाराष्ट्र मंडल' को सौंपी जा रही है।
अग्रवाल ने कहा कि विधायक मूणत ने कंक्रीट के ढांचे को सामाजिक संवेदनशीलता के साथ जोड़कर एक नया मॉडल प्रस्तुत किया है। मूणत ने कहा कि मेरा स्पष्ट मानना है कि वास्तविक विकास सीमेंट और गगनचुंबी इमारतों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसका सीधा लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े नागरिक को मिलना चाहिए। विप्र नगर का यह प्रोजेक्ट हमारी इसी नीति का परिणाम है।श्रीमती चौबे ने कहा कि निगम प्रशासन इस पूरे परिसर के सुचारू संचालन, बुनियादी स्वच्छता और प्रबंधन में कार्य हेतु पूरी तरह से कृतसंकल्पित है।


