ताजा खबर
जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 14 जून। दुर्ग जिले में वैशाली नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत वृंदा नगर कैंप-1 में आज एक घर के भीतर पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान जी वेंकटरमण मूर्ति (55 वर्ष) और उनकी पत्नी जी. विद्यावती (52 वर्ष) के रूप में हुई है।
कमरे में लटका मिला पति की शव, दूसरे कमरे में थी पत्नी
मिली जानकारी के अनुसार, आज वैशाली नगर पुलिस को सूचना मिली कि वृंदा नगर कैंप-1 में रहने वाले एक दंपति की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
घटनास्थल का दृश्य बेहद खौफनाक था। मृतिका जी विद्यावती का शव मकान के सामने वाले कमरे में संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ था, जबकि अंदर वाले कमरे में उनके पति जी वेंकटरमण मूर्ति का शव नायलॉन की मोटी रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि घटना का पता चलने पर मृतक के भाई ने रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा।
आपसी विवाद की आशंका
घटना के संबंध में मृतक के घर के ठीक सामने रहने वाले उनके छोटे भाई जी माधव राव की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले को जांच में लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक जी वेंकटरमण मूर्ति पेशे से ऑटो ड्राइवर थे। शुरुआती पूछताछ और आस-पड़ोस से मिली जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर आपसी विवाद और घरेलू कलह होती रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी कलह के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया गया होगा, हालांकि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
फॉरेंसिक और पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए मौके की विधिवत फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी भौतिक साक्ष्य भी जब्त किए हैं। शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।


