ताजा खबर

होटल में ऑनलाइन सट्टा : सिक्किम ऐप से दांव लगा रहे दो बंदी
14-Jun-2026 2:49 PM
 होटल में ऑनलाइन सट्टा : सिक्किम ऐप से दांव लगा रहे दो बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 14 जून।
दुर्ग जिले में ऑनलाइन सट्टे और जुए के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी स्ट्राइक की है। स्मृतिनगर चौकी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने खम्हरिया स्थित रियो होटल में दबिश देकर ऑनलाइन बेटिंग गेमिंग ऐप के जरिए सट्टा चला रहे दो  सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने नगदी समेत करीब सवा लाख रुपये का माल बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि खम्हरिया क्षेत्र के रियो होटल में कुछ लोग मोबाइल और डिजिटल डिवाइस के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहे हैं। सूचना मिलते ही स्मृतिनगर चौकी और एसीसीयू की विशेष टीम ने संयुक्त रूप से होटल में रेड मारी। घेराबंदी के दौरान मौके पर दो संदिग्ध युवक मिले, जो गैजेट्स पर कुछ संदिग्ध गतिविधियां कर रहे थे।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मोबाइल और टैब का इस्तेमाल कर ‘सिक्किम’ नामक ऑनलाइन बेटिंग गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से अवैध रूप से जुआ और सट्टा खिला रहे थे। यह पूरा खेल कम समय में अवैध रूप से मोटा पैसा कमाने के लालच में खेला जा रहा था।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान शेख अकरम और अनीष कुमार दोनों निवासी भिलाई के रूप में हुई है।
सवा लाख का माल जब्त
पुलिस ने सटोरियों के ठिकाने से 60,000 रुपये नगद, 2 स्मार्टफोन और 1 डिजिटल टैब जब्त किया है। जब्त की गई कुल सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 1,25,000 रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में थाना सुपेला/चौकी स्मृतिनगर में अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट