ताजा खबर

बोलेरो से कुचले गए एएसआई के बेटे की छह दिन बाद मौत
14-Jun-2026 1:26 PM
बोलेरो से कुचले गए एएसआई के बेटे की छह दिन बाद मौत

एक नाबालिग समेत दो गिरफ्तार
'छत्तीसगढ़' संवाददाता

कोरबा, 14 जून। कोरबा में रास्ता देने को लेकर हुए मामूली विवाद में बोलेरो से कुचले गए, घायल युवक चंद्रमणि रात्रे की बीती रात मौत हो गई। 24 वर्षीय चंद्रमणि की छह दिन तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद रायपुर के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई।  

मृतक चंद्रमणि रात्रे जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा गांव का निवासी था। उसके पिता रामनारायण रात्रे यातायात पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) के पद पर पदस्थ हैं। चंद्रमणि पढ़ाई के सिलसिले में घर से बाहर रह रहा था।

घटना 7 जून की रात बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बुधवारी बायपास मार्ग को हुई थी। बताया गया कि चंद्रमणि अपने दोस्तों के साथ कार में सवार था। इसी दौरान बोलेरो में सवार कुछ युवकों से रास्ता देने को लेकर कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर चंद्रमणि कार से नीचे उतरा। आरोप है कि उसी समय बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार में वाहन उसकी ओर मोड़ दिया और उसे कुचलते हुए निकल गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आरोपी मौके से भागने लगे। चंद्रमणि के दोस्त अरविंद राठौर और साहिल निर्मलकर ने स्कूटर से उनका पीछा करने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने अरविंद को पकड़कर जबरन बोलेरो में बैठा लिया।

परिजनों के अनुसार वाहन में अरविंद के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। हमलावरों ने उसे मृत समझकर सड़क किनारे फेंक दिया। घटना में अरविंद को हाथ, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने अरविंद से करीब एक लाख रुपये नकद, आईफोन, सोने की अंगूठी और सोने की चेन भी लूट ली। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद इस्तेमाल की गई कार को लावारिस हालत में बरामद किया।

घटना के बाद चंद्रमणि और अरविंद को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने शुरू से ही चंद्रमणि की हालत नाजुक बताई थी। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है। सामाजिक संगठनों और मृतक के दोस्तों ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपी को कटघोरा निवासी कपिल कुमार सारथी बताया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

 


अन्य पोस्ट