ताजा खबर

मरवाही में 8 निजी क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब सील
14-Jun-2026 12:20 PM
मरवाही में 8 निजी क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब सील

डॉक्टरों ने कहा- दस्तावेज जमा करने के बावजूद नहीं मिला सुनवाई का मौका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 14 जून। मरवाही क्षेत्र में जिला स्तरीय निरीक्षण समिति ने नर्सिंग होम एक्ट के तहत अचानक निरीक्षण कर आठ निजी क्लीनिक और लैब संचालकों को नोटिस जारी करते हुए उनके प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद प्रभावित डॉक्टरों और लैब संचालकों ने नाराजगी जताते हुए इसे एकतरफा कदम बताया है।

कार्रवाई की जद में आए चिकित्सकों ने बताया कि उनका क्लीनिक वर्षों से संचालित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि लाइसेंस नवीनीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेज कई साल पहले संबंधित विभाग को जमा कर दिए गए थे। इसके बावजूद बिना पूर्व सूचना क्लीनिक को सील कर दिया गया। एक संचालक ने बताया कि वर्ष 2024 में सीएमएचओ कार्यालय में नवीनीकरण के लिए आवेदन और सभी जरूरी दस्तावेज जमा किए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की कोई निरीक्षण टीम पहले कभी नहीं पहुंची, लेकिन अचानक कार्रवाई कर क्लीनिक बंद कर दिया गया। एक अन्य पैथोलेब संचालक ने बताया कि बीएमएलटी की पढ़ाई पूरी करने के बाद स्वरोजगार के रूप में लैब शुरू की थी, लेकिन सीलिंग की कार्रवाई से उनकी आजीविका प्रभावित हो गई है।

इस बीच प्रभावित डॉक्टरों ने मरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से निकलने वाले बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण की व्यवस्था की भी जांच कराने की मांग उठाई है।

मरवाही एसडीएम देवेंद्र सिरमौर ने बताया कि जिला स्तरीय समिति द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। उन्होंने कहा कि केवल आवेदन जमा कर देने भर से संचालन की अनुमति नहीं मिल जाती। आवश्यक दस्तावेज और वैध स्वीकृतियां व्यवस्थित नहीं मिलने पर नोटिस जारी कर संबंधित संस्थानों को सील किया गया है। आवेदन लंबित रहने के कारणों की जानकारी सीएमएचओ कार्यालय से प्राप्त की जाएगी।

कलेक्शन कर लौट रहे फाइनेंस कंपनी एजेंट से 70 हजार की लूट

करंगरा घाट में दो बाइक सवार चार बदमाशों ने रोक लिया रास्ता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 14 जून। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र स्थित करंगरा घाट में एक निजी फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट से लगभग 70 हजार रुपये की लूट हो गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम खालबहरा निवासी मनोज कुमार राठौर ग्राम शक्ति फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट के रूप में कार्यरत हैं। कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराती है और उनसे मासिक किश्तों की वसूली करती है।

बताया गया कि शुक्रवार को मनोज राठौर कंपनी की किश्त वसूली के लिए अनूपपुर जिले की सीमा से लगे पोड़की गांव गए थे। वहां उन्होंने 27 महिलाओं से ऋण की किश्त के रूप में लगभग 70 हजार रुपये एकत्र किए। वसूली के बाद वह रकम लेकर गौरेला स्थित कार्यालय लौट रहे थे।

इसी दौरान गौरेला-पोड़की मुख्य मार्ग पर स्थित करंगरा घाट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात युवक पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित संभल भी नहीं पाया।

लूट के बाद मनोज राठौर सीधे गौरेला थाना पहुंचे और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के मार्गों, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट