ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 14 जून। रेलवे यात्रियों को निशाना बनाने वाले एक शातिर और लंबे समय से फरार आरोपी को बिलासपुर जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महंगे कपड़े पहनकर एसी फर्स्ट और एसी सेकेंड क्लास कोचों में सामान्य यात्री बनकर सफर करता था और यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखकर मौका मिलते ही उनका सामान लेकर फरार हो जाता था।
जीआरपी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दुर्ग निवासी 39 वर्षीय फरहान तासीर खान है। आरोपी पिछले पांच वर्षों से फरार था और उसकी तलाश छत्तीसगढ़ के अलावा दिल्ली, मथुरा, हरियाणा तथा कर्नाटक के बेंगलुरु सहित कई राज्यों की पुलिस भी कर रही थी।
हाल ही में ग्वालियर निवासी जय सावनानी ने शिकायत की थी कि उधमपुर-दुर्ग एक्सप्रेस के ए-1 कोच में सागर से रायपुर की यात्रा कर रहे थे। ट्रेन के उसलापुर स्टेशन पहुंचने के दौरान उनका ट्रॉली बैग चोरी हो गया। बैग में 25 हजार रुपये नकद, सोने की चेन और अन्य सामान रखा था, जिसकी कुल कीमत लगभग 40 हजार रुपये थी। पीड़ित की शिकायत पर जीआरपी ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें एक युवक बैग लेकर जाते हुए दिखाई दिया। फुटेज देखने पर शिकायतकर्ता ने उसकी पहचान उसी कोच में सफर कर रहे यात्री के रूप में की।
जांच के दौरान पुलिस ने कोच की बर्थ डिटेल और यात्रा संबंधी रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। इससे आरोपी की पहचान फरहान तासीर खान के रूप में हुई। पूछताछ और तकनीकी जांच में यह भी सामने आया कि वह आर्थिक अनियमितता से जुड़े एक मामले के बाद पांच वर्ष पहले दुर्ग छोड़कर फरार हो गया था।
सूचना मिलने पर जीआरपी टीम ने रायपुर के बैजनाथपारा क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी गई रकम में से 25 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।


