ताजा खबर
मीडिया कॉन्क्लेव में मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां गिनाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 जून। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि आम लोगों की परचेस कैपेसिटी तीन गुना बढ़ी है। केंद्रीय मंत्री ने काक्रोच पार्टी के आंदोलन का नाम लिए बिना कहा कि कसाई के श्राप से गाय नहीं मरती है।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह और सीएम विष्णु देव साय मीडिया कॉन्क्लेव में मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि हमने ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक जीत का शतक बनाया है। और कांग्रेस ने हार का शतक बनाया है। दुनिया में भारत का सम्मान ऊंचा हुआ है। 32 देशों ने पीएम नरेंद्र मोदी को अपने देश का सर्वोच्च सम्मान दिया है। इन 12 सालों में देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने वन नेशन, वन टैक्स व्यवस्था को कड़ाई से लागू किया। इससे टैक्स कलेक्शन 80 हजार करोड़ से बढक़र 2 लाख 2 हजार करोड़ पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि 22 देशों से रुपये में कारोबार हो रहा है। बजट 16 लाख करोड़ से बढक़र 50 लाख 65 हजार करोड़ हो गया है। अर्थव्यवस्था 10वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंची है।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री ने कहा कि देश में एफडीआई 748 बिलियन डॉलर लाने का काम किया है। निर्यात पहले 28 लाख करोड़ था, जो कि बढक़र 82 लाख करोड़ हो गया है। देश मोदी को प्यार करता है। उन्होंने आगे कहा कि इंदिराजी के जमाने में गरीबी मिटाने का नारा दिया था। गरीबी नहीं मिटी, गरीब मिट गए। मोदी ने गरीबों को गरीबी रेखा से उठाने का काम किया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने 10 रुपये में एक जीबी डेटा उपलब्ध कराया। आज कोई ऐसा व्यक्ति नहीं है, जो इंटरनेट का उपयोग नहीं करता है। हम मोबाइल एक्सपोर्टर बन गए हैं। 1.75 लाख स्टार्टअप आए हैं। टैक्स देने वालों की संख्या लगभग 9 करोड़ हो गई है।
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि युवराज गरीबी सीखने कलावती के घर गए थे। ट्रक पर बैठकर चालकों से चर्चा कर रहे थे। कुलियों की समस्या जानने का प्रयास कर रहे थे। मोदी जी ने तो कुलियों को चाय पिलाई है।
उन्होंने कहा कि दुनिया भर में भारत का सम्मान बढ़ा है। लोग मान रहे हैं कि भारत की नीति सबसे अच्छी है।
नया भारत समृद्ध-सशक्त हुआ-साय
सीएम विष्णु देव साय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मोदी सरकार के 12 साल में नए भारत का निर्माण हो रहा है। समृद्ध और सशक्त भारत का निर्माण हुआ है। नया भारत छेड़ता नहीं है। छेड़ता है, तो घर घुसकर मारता है। 12 साल में अद्भूत काम किया है।
साय ने कहा कि 12 साल में अद्भूत काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष-2014 से 2019 तक राज्यमंत्री के रूप में काम करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि यह जनता के विश्वास का परिणाम है। मोदीजी ने पहले कार्यकाल में गरीब कल्याण का काम किया। 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खुले हैं, इनमें से 32 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के नाम हैं। 60 करोड़ लोगों का आयुष्मान हेल्थकार्ड बना है। 4 करोड़ से ज्यादा लोगों को पक्का मकान मिला है।
साय ने बताया कि पिछली सरकार में वंचित लोगों को भी पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। प्रदेश में 10 लाख 60 हजार मकान बने हैं। रोजाना पीएम आवास योजना के तहत 16 सौ मकान बनाए जा रहे हैं। 11 करोड़ लोगों को उज्जवला गैस के तहत सिलेंडर उपलब्ध कराया गया है। गांवों में 12 करोड़ से ज्यादा के शौचालय का निर्माण हुआ है। साय ने बताया कि देश में सिंचाई का रकबा बढ़ा है। एक लाख 9 हजार हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण में भी काफी प्रगति हुई है। रोज 34 किलोमीटर की सडक़ें बन रही हैं। जबकि पहले 11.4 किलोमीटर बन रही थी।
उन्होंने कहा कि जनजाति समाज से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बनाने से जनजाति समाज में गौरव बढ़ाने का काम किया है। पीएम जनमन योजना, सुकन्या योजना के जरिए महिलाओं और बालिकाओं की समृद्धि के लिए काम किया गया है। आम लोगों तक हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उड़ान योजना का संचालन किया गया है। छत्तीसगढ़ में जगदलपुर, और अंबिकापुर आदि शहरों में भी हवाई सुविधा उपलब्ध कराई गई है। छत्तीसगढ़ को अपेक्षा से ज्यादा दिया गया है। श्री साय ने कहा कि किसानों को 0 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण दिया जा रहा है। प्रदेश के किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ का रेलवे का बजट बढ़ा है। 50 हजार करोड़ से ज्यादा रेलवे का काम छत्तीसगढ़ में चल रहा है।


