ताजा खबर

‘21 कदम चलो, मालामाल हो जाओ’ कहा, और 2.5 लाख रुपये लेकर फरार हो गए ठग
13-Jun-2026 1:22 PM
 ‘21 कदम चलो, मालामाल हो जाओ’ कहा, और 2.5 लाख रुपये लेकर फरार हो गए ठग

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 13 जून। बिलासपुर के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र में शुक्रवार को एक अनोखी ठगी की घटना सामने आई, जहां खुद को अयोध्या का सिद्ध महाराज बताने वाले शातिर ठग ने एक धान व्यापारी से चंद मिनटों में 2.5 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने धार्मिक और तांत्रिक बातों का जाल बुनकर पहले व्यापारी का विश्वास जीता और फिर नकदी से भरा बैग लेकर अपने साथी के साथ फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ क्षेत्र स्थित रूगड़ा गांव निवासी जनकराम साहू धान का कारोबार करते हैं। शुक्रवार सुबह वे अपने बेटे उमेश साहू के साथ खरीदारी के लिए बिलासपुर के व्यापार विहार बाजार पहुंचे थे। उन्होंने बेटे को श्याम अंडा ट्रेडर्स के पास छोड़ा और स्वयं दूसरी दुकान की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान अंडा चौक के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति ने उन्हें रोककर अच्छी गुणवत्ता वाले चावल की दुकान का पता पूछा। बातचीत के दौरान उसने खुद को अयोध्या से आया सिद्ध महाराज बताया। कुछ देर बाद उसने आध्यात्मिक शक्तियों और विशेष साधना की बातें शुरू कर दीं। उसने दावा किया कि वह लोगों की किस्मत बदल सकता है और कम समय में धनवान बना सकता है।

ठग ने पहले व्यापारी से तीन अगरबत्तियां मांगीं और फिर पूरा पैकेट अपने पास रख लिया। इसके बाद उसने कहा कि साधना पूरी करने के लिए उन्हें 21 कदम आगे बढ़ना होगा और पीछे नहीं देखना होगा। उसकी बातों में आकर जनकराम साहू ने नकदी से भरा बैग उसके हाथ में दे दिया।

व्यापारी अभी 10 कदम ही आगे बढ़े थे कि आरोपी पहले से तैयार अपने बाइक सवार साथी के साथ बैग लेकर भाग निकला। पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने शोर मचाते हुए पीछा किया, लेकिन तब तक दोनों आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। शहर के बाहरी इलाकों में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की गई, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल सका।

हालांकि घटनास्थल और भागने के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध बैग लेकर बाइक पर जाते दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।

तारबाहर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।


अन्य पोस्ट