ताजा खबर

जंगल में नक्सलियों का विस्फोटक डंप बरामद, किया नष्ट
13-Jun-2026 1:17 PM
जंगल में नक्सलियों का विस्फोटक डंप बरामद, किया नष्ट


सीआरपीएफ, जिला पुलिस और बीडीएस की संयुक्त कार्रवाई
'छत्तीसगढ़'  संवाददाता
मैनपुर/गरियाबंद, 13 जून।
गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल्हाडीघाट कैंप से करीब 10 किलोमीटर दूर ग्राम डरईपानी के जंगल में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। बरामद आईईडी बमों को बीडीएस टीम ने मौके पर ही विस्फोट कर सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।

सर्च अभियान के दौरान मिला संदिग्ध डंप
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार एफ/65 बटालियन सीआरपीएफ, जिला पुलिस बल एवं बम निष्क्रिय दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम क्षेत्र में सर्च अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान संदिग्ध डंप का पता चला, जिसकी तलाशी लेने पर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक एवं अन्य सामग्री बरामद हुई।

आईईडी, जिलेटिन और बीजीएल राउंड समेत सामग्री जब्त.
सुरक्षा बलों ने डंप से 15 मीटर कमर्शियल कॉर्डेक्स वायर, 1.5 किलोग्राम गन पाउडर, जिलेटिन रॉड, एक कुकर आईईडी (लगभग 4 किलोग्राम), एक टिफिन आईईडी (लगभग 5 किलोग्राम), छह बीजीएल राउंड, एक एयर गन, एक इंटरसेप्टर, एक इंसास मैग्जीन, दवाइयां तथा दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की।

मौके पर ही नष्ट किए गए आईईडी
बरामद आईईडी बमों को सुरक्षा की दृष्टि से बीडीएस टीम द्वारा मौके पर ही नियंत्रित विस्फोट कर नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। वहीं आगे भी सुरक्षा  बलों द्वारा इस प्रकार की कारवाई जारी रहेगा।
 


अन्य पोस्ट