ताजा खबर

बिना टिकट यात्रा पर रेलवे ने कसा शिकंजा, एक दिन में वसूले 4 लाख
13-Jun-2026 12:35 PM
बिना टिकट यात्रा पर रेलवे ने कसा शिकंजा, एक दिन में वसूले 4 लाख

स्टेशन और 20 ट्रेनों में विशेष जांच, 644 मामलों में कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 13 जून। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए विशेष नाका टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। 21 मई से शुरू अभियान 14 जून तक चलेगा।  

इसी क्रम में 11 जून को बिलासपुर स्टेशन में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भार्थियन और सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.एस. चौहान के नेतृत्व में हुई। अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान भी शामिल रहे।

विशेष जांच के दौरान बिलासपुर स्टेशन और यहां से गुजरने वाली 20 ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 644 मामलों में यात्रियों पर जुर्माना लगाया गया और रेलवे ने कुल 4 लाख 13 हजार 970 रुपये का राजस्व अर्जित किया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बिना टिकट यात्रा के 380 मामलों से 2 लाख 87 हजार 515 रुपये, अनियमित यात्रा के 245 मामलों से 1 लाख 24 हजार 555 रुपये तथा बिना बुक कराए सामान ले जाने के 19 मामलों से 1 हजार 900 रुपये की वसूली की गई।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले वैध टिकट खरीदने की अपील की है। साथ ही स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट लेने और रेलवे नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया है।

 


अन्य पोस्ट