ताजा खबर
16 हजार लोगों ने ली सुरक्षित सफर की शपथ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 13 जून। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा आयोजित सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता सप्ताह-2026 का समापन शनिवार को सफलतापूर्वक हुआ। समापन दिवस पर एक परिवार-एक संकल्प थीम के तहत सैकड़ों परिवारों ने रेल फाटक सुरक्षा, रेलवे ट्रैक सुरक्षा और सुरक्षित रेल संचालन के प्रति सामूहिक संकल्प लिया।
मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी साकेत रंजन के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य बिलासपुर मंडल के 74 समपार फाटकों पर सुरक्षित व्यवहार को बढ़ावा देना और आम नागरिकों में रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इस वर्ष जागरूकता सप्ताह को नवाचारपूर्ण और विषय-आधारित स्वरूप में आयोजित किया गया। अभियान की शुरुआत रेल फाटक सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों से हुई। सप्ताहभर मानव श्रृंखला, सुरक्षा शपथ, गांव संवाद, जनजागरूकता अभियान, 60 सेकंड का मौन, सुरक्षा के नाम एक सेल्फी और एक परिवार-एक संकल्प जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक रेलवे सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।
अभियान के दौरान बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, कोरबा, सुंदरगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया-मनेंद्रगढ़-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया और कटनी जिलों के 42 विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा विभिन्न संस्थानों में लगभग 16 हजार विद्यार्थियों और नागरिकों ने रेल फाटक सुरक्षा की शपथ ली।
इसके अलावा 54 से अधिक गांवों और बस्तियों में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से 8,600 से अधिक ग्रामीणों तक रेलवे सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। ग्रामीणों को रेल फाटक पार करने के सुरक्षित तरीकों, रेलवे ट्रैक के आसपास सतर्कता बरतने, बच्चों एवं मवेशियों की सुरक्षा तथा रेलवे लाइन के निकट असुरक्षित गतिविधियों से बचने के बारे में जानकारी दी गई। लोगों को यह संदेश भी दिया गया कि कुछ क्षणों की सावधानी और धैर्य कई अनमोल जिंदगियों को बचा सकते हैं।


