ताजा खबर

भारत ने अमेरिकी राजनयिक को तलब कर क्या कहा? विदेश मंत्रालय ने बताया
13-Jun-2026 9:07 AM
भारत ने अमेरिकी राजनयिक को तलब कर क्या कहा? विदेश मंत्रालय ने बताया

ओमान की खाड़ी में भारतीय नाविकों को ले जा रहे कॉमर्शियल जहाज़ों पर लगातार किए जा रहे हमलों को लेकर भारत ने अमेरिका के राजनयिक को तलब किया था.

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने एक्स पर एक प्रेस रिलीज़ जारी कर बताया कि अमेरिकी राजनयिक जेसन मीक्स के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया गया.

विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक, "अमेरिकी राजनयिक के सामने अमेरिकी नौसैनिक बलों के ओमान की खाड़ी में भारतीय नाविकों को ले जा रहे, कमर्शियल जहाज़ों पर लगातार किए जा रहे हमलों के संबंध में कड़ा विरोध दर्ज कराया गया."

"इन हमलों के कारण पहले ही तीन भारतीय नागरिकों की दुखद मौत हो चुकी है, जिसे टाला जा सकता था."

"मंत्रालय ने एक बार फिर नागरिक समुद्री जहाज़ों के ख़िलाफ़ घातक बल के प्रयोग पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की."

"मंत्रालय ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाइयां स्वीकार करने लायक नहीं हैं और एक संवेदनशील क्षेत्र में, कठिन परिस्थितियों के दौरान, अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा, संरक्षा और स्थिरता को कमज़ोर करती हैं."

बयान के मुताबिक, "अमेरिकी प्रभारी राजनयिक से अनुरोध किया गया कि वो भारत की गंभीर चिंताओं को अपनी सरकार तक पहुंचाएं, साथ ही यह सुनिश्चित करें कि क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सेना नागरिकों की मौत रोकने के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाएं." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट