ताजा खबर
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के वफ़ादार माने जाने वाले नेता कल्याण बनर्जी ने दो दिन पहले ही अभिषेक बनर्जी को आड़े हाथों लिया था.
अभिषेक ममता बनर्जी के भतीजे हैं और टीएमसी महासचिव.
कल्याण बनर्जी ने यहाँ तक कह दिया था कि ममता को उनमें या अभिषेक में से किसी एक को चुनना होगा. उन्होंने अभिषेक को अहंकारी बताया था.
शुक्रवार को अभिषेक बनर्जी ने इसका जवाब दिया लेकिन उनका लहजा बहुत ही उदार था.
उन्होंने कहा, "जो टॉप लीडर्स मेरे ख़िलाफ़ बोल रहे हैं, पार्टी में इन मुद्दों पर चर्चा करने की पूरी गुंजाइश है. और आप ख़ास तौर पर कह सकते हैं कि कल्याण बनर्जी ने अपनी बात रखी है. कल्याण बनर्जी को मेरे बारे में बोलने का पूरा अधिकार है. उन्हें मेरे बारे में कुछ कड़े शब्द कहने का भी अधिकार है."
अभिषेक ने कहा, "कल्याण बनर्जी ने मुझे बचपन से देखा है. उन्होंने मुझे बड़ा होते हुए देखा है. मैं उनकी इन बातों को नकारात्मक रूप में नहीं लेता. हो सकता है कोई ऐसी घटना हुई हो जिससे उन्हें बुरा लगा हो, इसलिए उन्होंने ऐसा कहा हो."
"लेकिन कल्याण बनर्जी के प्रति मेरे मन में कोई व्यक्तिगत नाराज़गी या शिकायत नहीं है. मैं पहले भी उनका सम्मान करता था और आने वाले दिनों में भी करता रहूँगा." (bbc.com/hindi)


