ताजा खबर
ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल सुविधाओं की उठाई मांग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सूरजपुर, 12 जून। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की केतकी भूमिगत खदान की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के प्रस्ताव को लेकर शुक्रवार को ग्राम केतका स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में जनसुनवाई आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस जनसुनवाई में खदान प्रभावित क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने भाग लेकर अपने सुझाव, अभिमत एवं मांगें रखीं।
जानकारी के अनुसार केतकी भूमिगत खदान वर्तमान में प्रतिवर्ष 0.42 मिलियन टन कोयला उत्पादन कर रही है। खदान की उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 0.87 मिलियन टन प्रतिवर्ष किए जाने का प्रस्ताव है। प्रस्तावित क्षमता विस्तार के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति प्रक्रिया के तहत जनसुनवाई आयोजित की गई थी।
जनसुनवाई के दौरान दर्जन भर गांव के लोगों को जनसुनवाई के लिए आमंत्रित किया गया था जिसमें खदान प्रभावित गांव गेतरा,लाछा, मानी,पोड़ी, जो, केतका, सलका,सपकरा, डेडरी,कुरुआ, सालही,ग्रामों में जनसुनवाई की सूचना हेतु मुनादी कराई गई थी जिसमें ग्रामीण, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उपस्थित लोगों ने शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार, बेहतर सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग रखी। ग्रामीणों ने खदान विस्तार से प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारियों ने जनसुनवाई की प्रक्रिया पूरी कर लोगों के सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज कीं। अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त सुझावों और अभिमतों को पर्यावरणीय स्वीकृति प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, एसडीएम सूरजपुर शिवानी जायसवाल, जीएम ऑपरेशन जी.के. रॉय, उपक्षेत्रीय प्रबंधक (सब एरिया मैनेजर) आर.जी.के. प्रशांत शर्मा, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के रीजनल अधिकारी तथा सीएमपीडीआईएल की टीम उपस्थित रही।
पूरी जनसुनवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। अधिकारियों ने बताया कि क्षमता विस्तार से संबंधित आगे की प्रक्रिया पर्यावरणीय नियमों एवं निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी की जाएगी।


