ताजा खबर

इन्वेस्टर कनेक्ट : 10 हजार करोड़ के निवेश का मिला प्रस्ताव
12-Jun-2026 5:00 PM
इन्वेस्टर कनेक्ट : 10 हजार करोड़ के निवेश का मिला प्रस्ताव

  स्वामीनारायण संगठन खोलेगा रायपुर में 650 बिस्तर अस्पताल  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
रायपुर, 12 जून।
हैदराबाद में शुक्रवार ‘इन्वेस्टर कनेक्ट’ में सात प्रमुख कंपनियों ने राज्य में  करीब 10 हजार करोड़ रूपए के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। इन प्रस्तावों से प्रदेश में 78 सौ से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध होने की संभावना है।

इस मौके पर स्वामीनारायण गुरुकुल संगठन के प्रतिनिधियों ने रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र में 650 बिस्तरों वाले धर्मार्थ अस्पताल की स्थापना के प्रस्ताव पर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सात कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रण पत्र प्रदान किए। इनमें डेटा सेंटर, सीमेंट, सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित अधोसंरचना, सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण, वस्त्र उद्योग, औषधि निर्माण तथा डेयरी प्रसंस्करण क्षेत्र की कंपनियां शामिल हैं।

सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर लिमिटेड की ओर से मिला है। कंपनी ने छत्तीसगढ़ में देश का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डाटा सेंटर परिसर स्थापित करने के लिए 4,200 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है। इससे लगभग 250 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

इसके अलावा फीग्रेड एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने सीमेंट क्षेत्र में 2,912 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिससे लगभग 4,000 रोजगार सृजित हो सकते हैं। निवाई लैब्स प्राइवेट लिमिटेड ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, जीपीयू अधोसंरचना, उन्नत संगणना और सेमीकंडक्टर असेंबली सुविधाओं के विकास के लिए 1,000 करोड़ रुपये निवेश की पेशकश की है, जिससे करीब 200 लोगों को रोजगार मिलेगा।

सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण क्षेत्र की एसजी मार्ट लिमिटेड ने 700 करोड़ रुपये, जबकि सरवणा मिल्स प्राइवेट लिमिटेड ने अत्याधुनिक वस्त्र एवं परिधान निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए 528 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है। वस्त्र परियोजना से लगभग 2,500 रोजगार सृजित होने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा काबरा ड्रग्स ने औषधि निर्माण क्षेत्र में 200 करोड़ रुपये तथा दिनशॉज डेयरी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने डेयरी प्रसंस्करण क्षेत्र में 40 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है।

 

हैदराबाद प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री और राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने गूगल इंडिया, आईबीएम इंडिया, पॉलीकैब इंडिया, पेज इंडस्ट्रीज और डेल्टा इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की। बैठकों में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विकसित भारत के विकास इंजन के रूप में तेजी से उभर रहा है और राज्य में निवेशकों के लिए ‘रेड कारपेट’ बिछा हुआ है। उन्होंने देश के उद्योगपतियों और निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण, एकल खिडक़ी व्यवस्था और बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु के अलावा जापान और दक्षिण कोरिया में आयोजित निवेशक संपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सरकार इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित दक्षिण भारत के कई उद्योगपति, निवेशक और कारोबारी प्रतिनिधि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट