ताजा खबर

गाज से उपसरपंच समेत 3 ग्रामीणों की मौत, 5 जख्मी
12-Jun-2026 3:06 PM
गाज से उपसरपंच समेत 3 ग्रामीणों की मौत, 5 जख्मी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 12 जून। कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड अंतर्गत कलगांव में शुक्रवार सुबह मनरेगा कार्य के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से उपसरपंच समेत तीन ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य ग्रामीण घायल हो गए। घायलों का उपचार अंतागढ़ उप स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे कलगांव में मनरेगा के तहत तालाब निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान 50 से अधिक ग्रामीण कार्य में लगे हुए थे। अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए ग्रामीण पास स्थित एक पेड़ के नीचे एकत्र हो गए। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में कई ग्रामीण आ गए।
हादसे में गांव के उपसरपंच धनराज पटेल, संतोष पटेल और प्रकाश पटेल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दो ग्रामीणों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य की बाद में मृत्यु हुई। घटना में पांच ग्रामीण घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अंतागढ़ उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं तथा घटना की जानकारी शासन को भेजी गई है।
इस दुखद हादसे के बाद कलगांव में मातम का माहौल है और ग्रामीण मृतकों के परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।


अन्य पोस्ट