ताजा खबर

बिलासपुर को मिलेगा नया फोरलेन बाईपास, 75.73 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट मंजूर
12-Jun-2026 12:01 PM
बिलासपुर को मिलेगा नया फोरलेन बाईपास, 75.73 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट मंजूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 12 जून। राज्य सरकार ने कोनी (सेंदरी)-मोपका बाईपास सड़क निर्माण के लिए 75 करोड़ 73 लाख रुपये के टेंडर को मंजूरी दे दी है। इस राशि से 13.40 किलोमीटर लंबी और चार लेन वाली सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिससे शहर के बाहरी क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग, बिलासपुर संभाग क्रमांक-1 के कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य अनुबंध में निर्धारित अवधि के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और गुणवत्ता मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।

लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि निर्माण कार्य का क्रियान्वयन और पर्यवेक्षण विभागीय नियमों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि ठेकेदार इस कार्य को किसी अन्य व्यक्ति या संस्था को उप-ठेके (सबलेट) के रूप में नहीं सौंप सकेगा।

विभाग ने यह भी निर्देशित किया है कि कार्य निष्पादन के लिए किसी प्रकार की पावर ऑफ अटॉर्नी मान्य नहीं होगी। निर्माण एजेंसी को स्वयं ही अनुबंधित कार्य पूरा करना होगा। इसके अलावा, अनुबंध को अंतिम रूप देने से पहले ठेकेदार को अतिरिक्त निष्पादन सुरक्षा राशि (एपीएस) के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट रसीद (एफडीआर) जमा करना अनिवार्य किया गया है।


अन्य पोस्ट