ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 12 जून। बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक के चरित्र को लेकर संदेह के चलते आरोपियों ने पहले उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला, फिर मारपीट की और अंत में बड़े पत्थर से उसका सिर कुचल दिया। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने लगातार तलाश के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 जून को जयरामनगर के रेलिया निवासी आलोक सिंह ने कोटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपने साथी यशु पोर्ते और निखिल गोस्वामी के साथ होटल फोर सीजन्स के आगे कच्चे रास्ते पर शराब पीने गया था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे।
आरोप है कि दीपक दास उर्फ भोला दास माणिकपुरी ने निखिल गोस्वामी की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिसके बाद अन्य साथियों ने भी उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पास पड़े बड़े पत्थर से निखिल के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।
डायल-112 की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं हिंसा विरोधी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश की गई। करीब एक सप्ताह तक फरार रहने के बाद 11 जून को पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक दास उर्फ भोला दास माणिकपुरी (26), निखिल राव उर्फ निक्कू (24), करण दास माणिकपुरी (24) और कुश साहू उर्फ बुटरू (26) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


