ताजा खबर
दूसरी युवती से संबंध और मानसिक प्रताड़ना के आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 12 जून। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जरहाभाठा स्थित ओम नगर में पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही युवती आयुषी कुर्रे की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान मिले कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक लेन-देन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका आयुषी कुर्रे और जांजगीर-चांपा निवासी दीपक कुमार खांडे उर्फ चेरी के बीच प्रेम संबंध था। मामले की जांच में सामने आया कि बीते लगभग एक वर्ष के दौरान आयुषी ने 28 अलग-अलग किस्तों में कुल 67,050 रुपये दीपक के खाते में ट्रांसफर किए थे।
थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि आरोपी दीपक 19 और 20 मार्च को आयुषी के किराए के कमरे में रुका था। 20 मार्च की शाम उसके जाने के बाद आयुषी ने उसे लगातार फोन किए। जांच में सामने आया कि युवती ने एक ही दिन में 38 बार कॉल करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने कोई जवाब नहीं दिया।
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि दीपक का किसी अन्य युवती के साथ भी संबंध था, जिसका आयुषी लगातार विरोध कर रही थी। कॉल रिकॉर्ड और गवाहों के बयानों से यह तथ्य सामने आया कि घटना वाली रात दोनों के बीच फोन पर तीखी बहस हुई थी।
जांच अधिकारियों के अनुसार, प्रेम संबंध में विश्वास टूटने, उपेक्षा और लगातार मानसिक तनाव के कारण आयुषी गहरे अवसाद में थी। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्य यह संकेत देते हैं कि वह आरोपी के व्यवहार से काफी परेशान थी।
घटना के बाद आयुषी अपने कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजेक्शन और गवाहों के बयान एकत्र किए गए, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (अबेटमेंट) का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार खांडे उर्फ चेरी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


