ताजा खबर
रायपुर, 11 जून। शाम को तेज आंधी और बारिश के बीच गंज पुलिस ने नाले में गिरे एक अर्धविक्षिप्त व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर उसकी जान बचाई।
खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए गंज थाना सहित सभी थानों की पेट्रोलिंग पार्टियाँ अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर रही थीं तथा पेड़ गिरने, बिजली के तार टूटने, जलभराव अथवा अन्य किसी भी आपात स्थिति पर नजर रख रही थीं।
इसी क्रम में थाना गंज में पदस्थ आरक्षक जितेंद्र साहू एवं जितेश तिवेश मानझी क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान चूनाभट्टी स्थित अंडरब्रिज के समीप नाले के पास पहुंचे। वहां उन्होंने एक व्यक्ति को नाले में गिरा हुआ देखा। लगातार हो रही बारिश और अंधेरे के बीच स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दोनों आरक्षकों ने तत्काल स्थानीय लोगों की सहायता से उक्त व्यक्ति को नाले से सुरक्षित बाहर निकाला और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति की पहचान श्रावण कुमार भगत, निवासी जिला गुमला (झारखंड) के रूप में हुई। बातचीत एवं उसके व्यवहार से यह प्रतीत हुआ कि वह अर्धविक्षिप्त है तथा अपनी स्थिति और परिजनों के संबंध में स्पष्ट जानकारी देने में सक्षम नहीं है। गंज पुलिस द्वारा उसके प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए आवश्यक सहायता एवं देखभाल सुनिश्चित की गई।


