ताजा खबर

21 साल बाद हत्या का फरार आरोपी तेलंगाना से बंदी
11-Jun-2026 9:12 PM
21 साल बाद हत्या का फरार आरोपी तेलंगाना से बंदी

पैरोल पर छूटने के बाद नहीं लौटा था जेल

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बचेली, 11 जून।
दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के थाना कटेकल्याण पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2001 के हत्या प्रकरण में शामिल और पिछले 21 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को तेलंगाना से गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कटेकल्याण में दर्ज अपराध क्रमांक 02/2001, धारा 302, 201 एवं 34 भादवि के मामले में आरोपी सोढ़ी मासा निवासी ग्राम गाटम डोंगरीपारा, थाना कटेकल्याण को तेलंगाना के कोत्तागुडेम क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2001 में हत्या के मामले में केंद्रीय कारागृह जगदलपुर में निरुद्ध था। वर्ष 2005 में उसे 14 दिनों की पैरोल पर गृह ग्राम जाने की अनुमति मिली थी, लेकिन पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद वह वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया।

फरारी के दौरान आरोपी ने तेलंगाना के कोत्तागुडेम स्थित कासनपल्ली क्षेत्र में अपना नाम बदलकर लालाराम सोढ़ी रख लिया था और वहीं पहचान छिपाकर रह रहा था।

थाना कटेकल्याण पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी का पुत्र हड़मा उर्फ सुरेश सोढ़ी गांव आया हुआ है। पूछताछ में आरोपी के तेलंगाना में नाम और पता बदलकर रहने की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कटेकल्याण के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशानुसार थाना कटेकल्याण से निरीक्षक निर्मल वर्मा, आरक्षक भीमाराम कोर्राम एवं डीएसएफ आरक्षक कन्हैया यादव की टीम तेलंगाना रवाना हुई।

पुलिस टीम ने कोत्तागुडेम (तेलंगाना) पहुंचकर फरार एवं स्थायी वारंटी आरोपी सोढ़ी मासा को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को प्रथम अपर सत्र न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट