ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जगदलपुर, 11 जून। बस्तर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15.654 किलोग्राम गांजा, 500 रुपये नगद और एक मोबाइल सहित कुल 7 लाख 87 हजार 700 रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना बोधघाट क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड जगदलपुर के पीछे आम पेड़ के पास एक युवक काले रंग की शर्ट और ग्रे रंग की जींस पहने हुए दो काले बैग में गांजा रखकर बिक्री के लिए परिवहन करने बस का इंतजार कर रहा है।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को पकड़ा, जिसने पूछताछ में अपना नाम शुभम प्रजापति भोपाल (मध्य प्रदेश) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास रखे बैग से 15.654 किलो गांजा, मोबाइल और 500 रुपये नगद बरामद किए गए।
आरोपी गांजा रखने और परिवहन करने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया।


