ताजा खबर
भुवनेश्वर, 11 जून। भुवनेश्वर के झारपाड़ा पुल क्षेत्र के पास बृहस्पतिवार को एक ही पटरी पर दो खाली ट्रेन रैक आमने-सामने आ गईं। रेलवे अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हालांकि, रेलवे ने स्पष्ट किया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही ट्रेन सेवाओं पर कोई असर पड़ा।
रेलवे के एक बयान में कहा गया, “समय रहते हस्तक्षेप किए जाने से संभावित दुर्घटना टल गई। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।”
पूर्वी तटीय रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, रेलवे अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का आकलन किया तथा ट्रेन रैक को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
बयान में कहा गया कि मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेन संचालन और यात्री सेवाएं पूरी तरह सामान्य रहीं तथा इस घटना से उन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
पूर्वी तटीय रेलवे के अनुसार, एक खाली ट्रेन भुवनेश्वर से मंचेश्वर कोच मेंटेनेंस डिपो की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी खाली ट्रेन रैक उसी मार्ग पर मंचेश्वर कोच मेंटेनेंस डिपो से भुवनेश्वर की ओर आ रही थी।
यह घटना भुवनेश्वर में शंटिंग (रेल डिब्बों को एक ट्रैक से दूसरे ट्रैक पर ले जाने या जोड़ने की प्रक्रिया) के दौरान हुई, जब एक खाली ट्रेन रैक को निर्धारित रखरखाव कार्यों के लिए ले जाया जा रहा था।
इसमें कहा गया कि धीमी गति से चल रही शंटिंग प्रक्रिया के दौरान एक खाली ट्रेन रैक दूसरी स्थिर खाली ट्रेन रैक के बेहद करीब आ गई। उस समय दोनों ट्रेन रैक खाली थीं। (भाषा)


