ताजा खबर
युवक से साढ़े चार लाख रुपये की ठगी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 11 जून। मंत्रालय, नवा रायपुर में चपरासी की सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर साढ़े चार लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोटा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मुंगेली जिले के लालपुर थाना क्षेत्र निवासी मुकेश माणिकपुरी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उसने बताया कि मुंगेली जिले के पथरिया तहसील स्थित ग्राम बदरा निवासी तथा वर्तमान में तिफरा में रहने वाले रामनारायण राजपूत ने उसे सचिवालय में चपरासी की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था।
आरोप है कि 13 दिसंबर 2022 को ग्राम करगीखुर्द में आरोपी ने नौकरी लगवाने के नाम पर उससे 4 लाख 50 हजार रुपये नकद लिए थे। उस समय मुकेश की बहन सरिता माणिकपुरी भी मौजूद थी। पीड़ित का कहना है कि यह रकम उसने अपने पिता की मृत्यु के बाद मिली आर्थिक सहायता राशि और परिजनों से उधार लेकर जुटाई थी।
शिकायत के मुताबिक पैसे देने के बाद वह लंबे समय तक नौकरी लगने का इंतजार करता रहा। लेकिन करीब साढ़े तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद न तो उसे कोई नौकरी मिली और न ही उसकी रकम वापस की गई। जब भी उसने पैसे लौटाने की मांग की, आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में उसने रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
खुद को आर्थिक और मानसिक रूप से नुकसान पहुंचने की बात कहते हुए पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में रंजीत यादव, सरिता माणिकपुरी और तीरथराम खुंटे को गवाह बताया गया है।
कोटा पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी रामनारायण राजपूत के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


