ताजा खबर

मणिपुर में 14 कुकी लोगों की रिहाई के एक दिन बाद छह नगा लोगों के शव बरामद
11-Jun-2026 9:16 AM
मणिपुर में 14 कुकी लोगों की रिहाई के एक दिन बाद छह नगा लोगों के शव बरामद

-दिलीप कुमार शर्मा

मणिपुर में मंगलवार को 14 कुकी बंधकों की रिहाई के एक दिन बाद बुधवार को पुलिस ने कई दिनों से लापता छह नगा लोगों के शव बरामद किए हैं.

मणिपुर पुलिस ने बुधवार को बताया कि 13 मई को कथित तौर पर अगवा किए गए छह नगा लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं. इन छह लोगों के शव कांगपोकपी ज़िले के खारम वैफेई गांव के पास से बरामद हुए हैं.

मणिपुर पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया, "पुलिस ने सीआरपीएफ और असम राइफल्स के लगभग 450 जवानों के साथ स्निफर डॉग्स और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीमों की मदद से करीब 24 घंटे तक लगातार तलाशी अभियान चलाया था. इसके बाद आज (बुधवार) दोपहर छह लोगों के शव बरामद किए गए हैं. माना जा रहा है कि मृतक वे लोग हैं जिन्हें 13 मई 2026 को लेइलोन वैफेई से बंधक बनाया गया था."

दरअसल, फरवरी महीने से मणिपुर के तांगखुल नगा और कुकी समुदायों के बीच शुरू हुई नई हिंसा में अब तक कई लोग मारे जा चुके हैं. इस हिंसा की शुरुआत नगा बहुल उखरुल ज़िले से हुई थी और तब से आसपास के इलाकों की कानून व्यवस्था प्रभावित हुई है.

13 मई को कांगपोकपी और सेनापति ज़िलों में हथियारबंद समूहों ने कुकी और नगा समुदायों के कम से कम 48 नागरिकों को बंधक बना लिया था. यह घटना चर्च के तीन नेताओं की हत्या के बाद घटी थी.

हालांकि, 15 मई को मणिपुर पुलिस ने दावा किया था कि जिन 28 लोगों का अपहरण किया गया था, उन्हें रिहा कर दिया गया है. जबकि कुकी समुदाय के 14 बंधकों को मंगलवार को रिहा किया गया था. इसके बाद बुधवार को छह नगा लोगों के शव मिले हैं.

नगा लोगों के प्रमुख संगठन यूनाइटेड नगा काउंसिल ने जब मंगलवार को 14 कुकी लोगों को रिहा किया था, तो सरकार से यह आश्वासन मांगा था कि उनके छह लापता लोगों को सुरक्षित रिहा करवाया जाएगा.

नगा काउंसिल का कहना है कि बैपटिस्ट वर्ल्ड कम्युनिटी, नगा चर्चों, जनजातियों और विभिन्न संगठनों की अपील पर ही मंगलवार को हिरासत में लिए गए 14 कुकी लोगों को रिहा किया गया था.

नगा लोगों के शव मिलने से खासकर सीमावर्ती गांवों में तनाव और बढ़ने की आशंका है.

इस घटना की जांच में जुटी पुलिस ज़रूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है और कई जगहों पर सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट