ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा ,10 जून। महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने कथावाचक और ज्योतिषाचार्य के रूप में पहचान रखने वाले नरेंद्र नयन शास्त्री को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता बीएनएस की धारा 376-2, के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार पीडि़ता के आवेदन और प्रारंभिक जांच के आधार पर कार्रवाई की गई। आरोपी नरेंद्र नयन रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वह कथावाचन और ज्योतिष से जुड़े कार्यक्रमों के कारण लोगों के बीच चर्चित रहा है। स्थानीय स्तर पर उसे चावल देखकर भविष्य बताने वाले चावल बाबा और चायवाले बाबा के रूप में भी पहचान मिली हुई थी। महासमुंद पुलिस की टीम ने आरोपी को सिलयारी से गिरफ्तार कर बागबाहरा लाया।
मामले की संवेदनशीलता और आरोपी की सार्वजनिक पहचान को देखते हुए इसे हाई प्रोफाइल माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले में विस्तृत टिप्पणी करने से इंकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बाबा को गिरफ्तार कर आगे की जांच जारी है।


