ताजा खबर

विकसित भारत' केवल सपना नहीं, जनभागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय संकल्प- साहू
10-Jun-2026 1:47 PM
विकसित भारत' केवल सपना नहीं, जनभागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय संकल्प- साहू

संकल्प सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर भी हुईं शामिल
केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर हुई चर्चा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 10 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मंगलवार को बिलासपुर के लखीराम अग्रवाल सभागार में 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के लक्ष्य पर विस्तार से चर्चा की गई।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए तोखन साहू ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के घर मिले हैं, जबकि प्रधानमंत्री जनधन योजना ने करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर वित्तीय समावेशन को नई दिशा दी है।

उन्होंने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि योजना, हर घर जल अभियान, डिजिटल इंडिया, किसान सम्मान निधि और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों और नागरिकों ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में हुए विकास कार्यों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव पर अपने विचार साझा किए। सम्मेलन में बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी रही।


अन्य पोस्ट