ताजा खबर

कोरबा में नाबालिग प्रेमिका का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, 10 आरोपियों को जेल
10-Jun-2026 1:45 PM
कोरबा में नाबालिग प्रेमिका का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, 10 आरोपियों को जेल

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

कोरबा, 10 जून। कोरबा जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ हुए ब्लैकमेलिंग के मामले ने सनसनी फैला दी है। प्रेमी ने गुप्त रूप से उसका अश्लील वीडियो बनाया और फिर अपने दोस्तों को दिखाकर लड़की को यौन शोषण के जाल में फंसाने की कोशिश की। आखिरकार पुलिस ने पूरे गिरोह को पकड़ लिया।

सभी आरोपी मजदूर हैं और बालको नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत इस घटना को अंजाम दिया गया। 17 वर्षीय पीड़िता 10वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ चुकी है। वह और मुख्य आरोपी होरी लाल चौहान (30) एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों के बीच दो साल से रिश्ता चल रहा था और इस दौरान उन्होंने कई बार शारीरिक संबंध बनाए थे।

पुलिस के अनुसार, होरी लाल ने चुपके से लड़की का निजी वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे अपने दोस्तों को दिखा दिया। वीडियो देखते ही उसके साथी मजदूरों के मन में गंदी नीयत जाग गई। उन्होंने लड़की को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर करना शुरू कर दिया। साथ ही अश्लील इशारे करके उसे मानसिक रूप से परेशान किया।
पीड़िता जब इस लगातार उत्पीड़न से त्रस्त हो गई तो उसने अपने भाई को सारी बात बताई। भाई-बहन दोनों बालको नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में होरी लाल चौहान (30), कन्हैया सिंह (25), उदय चौहान (22), मनीष चौहान (22), बुग्गू चौहान (21), राकेश सिंह (40), दशरथ पटेल (32), चित्रभान पटेल (30), शत्रुहन चौहान (25) और योगेश चौहान ( 22 वर्ष ) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों पर बलात्कार, ब्लैकमेलिंग और पोक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
 


अन्य पोस्ट