ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 10 जून। मरवाही क्षेत्र में बुधवार को चार हाथियों का एक दल अचानक आबादी वाले इलाके के करीब पहुंच गया। विशालकाय हाथियों को रिहायशी क्षेत्र के नजदीक देखकर लोगों में भय के साथ-साथ उत्सुकता भी देखने को मिली। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग हाथियों को देखने के लिए मौके पर जुटने लगे।
जानकारी के अनुसार हाथियों का दल सबसे पहले मरवाही रेंज कार्यालय परिसर में पहुंचा। इसके बाद वे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और रेंज कार्यालय के आसपास विचरण करते रहे। आबादी वाले क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से लोगों में चिंता बढ़ गई, क्योंकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया। वनकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद हाथियों को ददर्रीटोला की ओर खदेड़ने में सफलता हासिल की। हालांकि कुछ ही समय बाद चारों हाथी फिर वापस लौट आए और नवाटोला स्थित एक आम बाड़ी में डेरा जमा लिया।
वन विभाग के प्रयासों के बावजूद हाथियों के दोबारा लौट आने से अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। वर्तमान में हाथियों का दल कुम्हारी के कम्पार्टमेंट क्रमांक 2026 में मौजूद बताया जा रहा है। वन विभाग के कर्मचारी लगातार क्षेत्र में तैनात हैं और हाथियों की हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं।
अधिकारियों ने ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से हाथियों के करीब न जाने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में हाथियों को उकसाने या उनके रास्ते में आने से बचने की सलाह दी गई है।


