ताजा खबर
चेन्नई, 9 जून। अन्नाद्रमुक के विरोधी गुटों के बीच सुलह होने के कुछ दिनों बाद, तमिलनाडु विधानसभा के अध्यक्ष जे.सी.डी. प्रभाकर ने मंगलवार को घोषणा की कि विपक्षी पार्टी के उन 21 विधायकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी, जिन्होंने 13 मई को हुए विश्वास मत के दौरान तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार के पक्ष में वोट दिया था।
यह फैसला अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी के उस औपचारिक अनुरोध के बाद लिया गया है, जिसमें उन्होंने इस मामले को छोड़ने की बात कही थी।
राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बात करते हुए प्रभाकर ने कहा कि अनुरोध पर विचार करने के बाद यह तय किया गया कि अन्नाद्रमुक के 21 विधायकों को अयोग्य नहीं ठहराया जाएगा।
इस्तीफा देकर सत्ताधारी टीवीके में शामिल होने वाले अन्नाद्रमुक के चार विधायकों के भविष्य के बारे में पूछे गए एक सवाल पर प्रभाकर ने कहा कि इन विधायकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, “एक बार फैसला हो जाने के बाद, मैं आपको आधिकारिक तौर पर सूचित करूंगा।”
विधानसभा अध्यक्ष के फैसले के बाद, ये विधायक दलबदल विरोधी कानूनों के तहत किसी कार्रवाई का सामना किए बिना विधानसभा सदस्य बने रहेंगे।
नव गठित टीवीके सरकार के लिए अहम विश्वास मत के दौरान, अन्नाद्रमुक के 47 में से 25 विधायकों ने पार्टी के उस आदेश को नहीं माना, जिसमें सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सत्ताधारी सरकार के खिलाफ वोट करने को कहा गया था। (भाषा)


