ताजा खबर

पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी के आवास और पार्टी कार्यालय पर पहुंची सीआईडी, ये है मामला
09-Jun-2026 8:03 PM
पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी के आवास और पार्टी कार्यालय पर पहुंची सीआईडी, ये है मामला

सीआईडी की एक टीम मंगलवार को कोलकाता के कालीघाट इलाक़े में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय और पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के आवास पर पहुंची.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यह कार्रवाई टीएमसी विधायकों के कथित फ़र्ज़ी हस्ताक्षरों के मामले की जांच के तहत की गई, जिसके कारण पार्टी में एक अलग गुट खड़ा हो गया है.

दरअसल, पार्टी के कुछ विधायकों ने स्पीकर को शिकायत की थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता विपक्ष बनाने के प्रस्ताव पर अभिषेक बनर्जी के लेटरहेड पर फ़र्ज़ी साइन किए गए. विधायकों ने अभिषेक पर ही फ़र्ज़ी साइन कराने के आरोप लगाए.

सीआईडी के अधिकारियों का कहना है कि अभिषेक बनर्जी ने एजेंसी के नोटिस के जवाब में बताया था कि विधायकों के साइन 30बी हरीश चटर्जी स्ट्रीट स्थित टीएमसी कार्यालय में जुटाए गए थे.

यह कार्यालय ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास परिसर में ही है. इसी जानकारी के आधार पर सीआईडी की जांच टीम यहां पहुंची है.

टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा, "दीदी (ममता बनर्जी) इस समय दिल्ली में हैं. जो लोग जांच के लिए आए थे वो अंदर हैं, हमें नहीं पता कि क्या हो रहा है इसलिए इस पर कोई टिप्पणी नहीं है. लेकिन सबको पता है कि वह घर पर नहीं थीं. दीदी इस समय दिल्ली दौरे पर हैं. ऐसे समय में पूर्व मुख्यमंत्री के घर में सीआईडी का प्रवेश दुर्भाग्यपूर्ण है."

ममता बनर्जी के घर पर सीआईडी टीम पहुंचने पर पश्चिम बंगाल की मंत्री और बीजेपी की नेता अग्निमित्रा पॉल ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "यह साफ़ दिखाता है कि कोई भी संविधान से ऊपर नहीं है और कोई भी देश के क़ानून से ऊपर नहीं है. ममता बनर्जी ने पिछले पंद्रह सालों में अपराधियों, भ्रष्टाचार और न जाने क्या-क्या सहन किया. उन्होंने कभी संविधान की परवाह नहीं की. आज सीआईडी कार्रवाई कर रही है और इसमें शामिल सभी लोगों को सज़ा मिलेगी, जनता को न्याय मिलेगा."(bbc.com/hindi)

 

 


अन्य पोस्ट