ताजा खबर

जेल के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला रेप का आरोपी
09-Jun-2026 4:10 PM
जेल के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला रेप का आरोपी

एक दिन पहले ही भेजा गया था रिमांड पर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जांजगीर-चांपा, 9 जून। जिले के खोखरा स्थित जिला जेल में मंगलवार सुबह रेप के एक आरोपी की लाश जेल परिसर के बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद जेल प्रशासन, पुलिस और जिला अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मृतक कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जावली गांव निवासी दुवास राम केवट है। उसे नाबालिग लड़की के अपहरण और रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को अदालत में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर खोखरा जिला जेल भेजा गया था।

जानकारी के अनुसार बलौदा थाना क्षेत्र से 5 मार्च 2026 को एक नाबालिग लड़की लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। साइबर तकनीक और अन्य माध्यमों की मदद से पुलिस ने युवती को कोरबा जिले से बरामद किया। जांच के दौरान दुवास राम केवट का नाम सामने आया, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर गिरफ्तार कर लिया गया।

 

इधर, जेल में दाखिल होने के महज एक दिन बाद मंगलवार सुबह आरोपी ने कपड़े से फंदा बनाकर बाथरूम में आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं दिखने पर जेल कर्मचारियों को संदेह हुआ। जांच करने पर वह फंदे से लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी जिला जेल पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

कोतवाली पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जेल परिसर के भीतर यह घटना किन परिस्थितियों में हुई और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई।


अन्य पोस्ट