ताजा खबर
स्कूल मरम्मत में करोड़ों के घोटाले की शिकायत, एसीबी ने मांगी जांच रिपोर्ट
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 9 जून । दुर्गुकोंदल में 6.63 करोड़ के स्कूल मरम्मत कार्यों में केवल तीस प्रतिशत ही कार्य पर ठेकेदार को पूरा भुगतान करने का मामला सामने आया है।
विकासखंड दुर्गुकोंदल में वर्ष 2022 से 2025 के दौरान स्कूल भवनों की मरम्मत कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस संबंध में प्राप्त शिकायत की जांच कर रहे एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) जगदलपुर ने जिला शिक्षा अधिकारी, उत्तर बस्तर कांकेर से विस्तृत जांच रिपोर्ट एवं संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है।
एसीबी जगदलपुर कार्यालय से 1 जून 2026 को जारी पत्र के अनुसार शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दुर्गुकोंदल विकासखंड के अंतर्गत मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना, समग्र शिक्षा योजना तथा विशेष केंद्रीय मद के तहत प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाईस्कूलों के कुल 163 जर्जर भवनों की मरम्मत के लिए लगभग 6 करोड़ 63 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे।
शिकायत में दावा किया गया है कि स्वीकृत कार्यों का केवल लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा ही पूरा कराया गया, जबकि संबंधित ठेकेदारों को पूर्ण भुगतान कर दिया गया। इससे शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने और भ्रष्टाचार किए जाने की आशंका व्यक्त की गई है।
एसीबी ने पत्र में उल्लेख किया है कि मामले की जांच उसके कार्यालय द्वारा की जा रही है। यदि शिक्षा विभाग स्तर पर इस संबंध में कोई विभागीय जांच कराई गई है तो उसकी रिपोर्ट एवं तथ्यात्मक जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि शिकायत की निष्पक्ष जांच आगे बढ़ाई जा सके।
एसीबी ने जिला शिक्षा अधिकारी से संबंधित दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। पत्र निरीक्षक मोहम्मद फिरोज खान, एंटी करप्शन ब्यूरो जगदलपुर द्वारा जारी किया गया है।
इस संबंध में कांकेर जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद ने कहा कि नियमानुसार एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा जांच की जा रही है। इस विषय पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।


