ताजा खबर

दंपति पर हाथी का हमला, कुचल मार डाला
09-Jun-2026 1:20 PM
दंपति पर हाथी का हमला, कुचल मार डाला

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजपुर, 9 जून।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र के कुंदीकला गांव में मंगलवार सुबह शौच के लिए पास के जंगल में गए दंपति को हाथी ने कुचल कर मार डाला। घटना की जानकारी लगते ही तत्काल राजपुर पुलिस एवं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

घटना सुबह करीब 5.45 की बताई जा रही है। कुंदी कला बाँधपारा निवासी 65 वर्षीय जूठन राम पिता नान साय एवँ उसकी 56 वर्षीय पत्नी सुंदरी बाई रोज की तरह सुबह अपने नित्य कर्म के लिए पास के ही जंगल में गए हुए थे, तभी जंगल में विचार रहे हाथी ने दोनों को कुचलकर मार डाला।

 घटना की जानकारी लगते ही राजपुर पुलिस की टीम एवं वन विभाग के अधिकारी एसडीओ रविशंकर श्रीवास्तव रेंजर अजय वर्मा डिप्टी रेंजर मालती माँझी सहित उनकी टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
    राजपुर वन परिक्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि 8 जून सोमवार को शाम करीब सात बजे 5 हाथियों का दल सूरजपुर वनमण्डल से कल्याणपुर की ओर होते हुए वन परिक्षेत्र राजपुर के अखोरा, जवाखांड विचरण करते हुए ग्राम-कुन्दी की ओर आया। जिसमें हाथियों के दल से एक हाथी अलग होकर कक्ष क्रमांक पी 2740 में विचरण कर रहा था।
 ग्राम कुन्दीकला निवासी पति-पत्नी को सुबह 5 बजे उसके नाती द्वारा बाहर जाने हेतु मना करने के पश्चात् भी नित्य की भांति शौच के लिए घर से बाहर लगभग 200 मीटर जंगल की ओर गए थे। उन्होंने बताया कि मृतक जुठन को कक्ष क्रमांक पी 2740 से सटे कच्ची रोड पर एवं उनकी पत्नी सुन्दरी बाई को उसी कच्ची रोड से 10 मीटर दूर जंगल के अंदर 01 लोनर हाथी द्वारा कुचलकर मार डाला है।
       वन परिक्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि जंगली हाथियों की निगरानी एवं ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की समझाइश एवं मुनादी हेतु वन कर्मचारी एवं हाथी मित्रदल के 5 सदस्यों द्वारा घटना क्षेत्र में 8 जून को शाम से पूरी रात लगातार भ्रमण कर ग्रामीणों को समझाइश एवं हाथियों की निगरानी की जा रही थी। हाथी प्रभावित ग्रामों में वन अधिकारी-कर्मचारी द्वारा लगातार ग्रामीणों से अपील जा रही है, कि जंगली हाथियों के प्रवास के समय अनावश्यक भीड़ ना करें एवं जंगल की ओर न जाएं, साथ ही जंगली हाथियों के आने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें।
       उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को तत्कालिक सहायता राशि 25-25 हजार रुपये तत्कालिक सहायता राशि दी गई है एवं शेष 5,75,000-5,75,000 की मुआवजा राशि शव परीक्षण उपरांत नियमानुसार कार्रवाई पूर्ण कर दी जाएगी।
 


अन्य पोस्ट