ताजा खबर
गोंदिया पुलिस की मौजूदगी में गोलू और संगीता बंधे वैवाहिक बंधन में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 जून। मुख्यधारा में लौटे एमएमसी जोन के दो हार्डकोर नक्सलियों ने सांसारिक जीवन जीने के लिए सात फेरे लिए हैं। महाराष्ट्र के गोंदिया पुलिस की मौजूदगी में पूर्व नक्सली गोलू और संगीता वैवाहिक बंधन में बंध गए।
फरवरी माह में एमएमसी जोन के सचिव विकास नगपुरे के नेतृत्व में पांडू पुसू वड्डे उर्फ गोलू और सैवंती रायसिंग पंधरे उर्फ संगीता ने भी 15 नक्सलियों के साथ समर्पण का रूख किया था। बताया जा रहा है कि पुलिस ने समर्पित नक्सलियों के जीवनयापन और सामाजिक उत्तरदायित्व को लेकर विवाह के लिए सहमत जोड़े का पारंपरिक रूप से वैवाहिक गठबंधन कराया। मूलत: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र के तिरलागढ़ के रहने वाले 37 वर्षीय गोलू ने बालाघाट की संगीता को अपना जीवन साथी चुना। दोनों लंबे समय से एमएमसी जोन के दर्रेकसा एरिया कमेटी में बतौर सदस्य सक्रिय थे।
इस संबंध में गोंदिया के प्रभारी एसपी अभय डोंगरे ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि दोनों की पसंद पर यह विवाह कराया गया है। पुलिस दोनों समर्पित नक्सलियों को जीवनयापन से जुड़ी सुविधाएं मुहैया करा रही है। इधर कई वर्षों तक पुलिस के साथ हिंसा और संघर्ष करने के बाद मुख्यधारा में लौटे आत्मसर्पित नक्सलियों को समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए पुलिस एक उन्मुक्त माहौल बना रही है। परिवार बसाने और शांतिपूर्वक भविष्य बनाने की नक्सल जोड़े को पूरी तरह से आजादी दी गई है। पुलिस की ओर से सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई है।


