ताजा खबर
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को कहा कि इंडिया गठबंधन ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखने का फैसला किया है. विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में "वोट लूट" और अनियमितताएं हो रही हैं. नई दिल्ली में गठबंधन की बैठक के बाद खरगे ने कहा कि जल्द ही यह पत्र सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को सौंपा जाएगा.
खरगे ने यह भी कहा कि इंडिया गठबंधन ने नीट और सीबीएसई परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है. वहीं गठबंधन ने तय किया कि राष्ट्रीय मुद्दों पर रणनीति बनाने के लिए अब हर दो महीने पर बैठक होगी, जिसकी अगली बैठक 8 अगस्त को आयोजित की जाएगी.
संसद के मानसून सत्र को लेकर भी विपक्ष ने संयुक्त रणनीति बनाने का फैसला किया है. खरगे ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और आर्थिक स्थिति पर चर्चा के लिए केंद्र सरकार को सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए. उन्होंने बताया कि संसद सत्र के दौरान विपक्षी दल रोजाना नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय में समन्वय बैठक करेंगे. (dw.com/hi)


