ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सूरजपुर, 8 जून। बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के कुमदा कॉलरी में सोमवार दोपहर एक शिक्षिका से दिनदहाड़े पर्स लूट की घटना सामने आई है। नकाबपोश बाइक सवार युवक शिक्षिका के हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जयनगर बाजारडांड में गणित विषय की व्याख्याता कृष्णा नायक कुमदा कॉलोनी में परिवार सहित निवास करती हैं। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे वह कुमदा कॉलोनी स्थित एटीएम से राशि निकालने के बाद पैदल ऑटो स्टैंड की ओर जा रही थीं। इसी दौरान उनके घर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर गमछे से चेहरा ढंके एक बाइक सवार युवक ने उनका पीछा किया और हाथ में रखा पर्स छीनकर मौके से फरार हो गया।
बताया गया कि पर्स में मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, चेकबुक, घर की चाबी तथा करीब पांच हजार रुपये नकद रखे हुए थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खदान मार्ग की ओर तेजी से भाग निकला। दोपहर में तेज धूप होने के कारण सड़क पर लोगों की आवाजाही भी कम थी, जिससे आरोपी को भागने में आसानी हुई।
घटना के बाद शिक्षिका तत्काल स्टेट बैंक की शाखा पहुंचीं और बैंक प्रबंधक को मामले की जानकारी देकर खाते से किसी भी प्रकार के लेन-देन पर रोक लगाने का अनुरोध किया। इसके बाद उन्होंने बिश्रामपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।


