ताजा खबर

रायपुर में 28 को लोकतंत्र सेनानी सम्मेलन, इंद्रेश मुख्य वक्ता
08-Jun-2026 6:46 PM
रायपुर में 28  को लोकतंत्र सेनानी सम्मेलन, इंद्रेश मुख्य वक्ता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 जून। आपातकाल के 51 वर्ष पूरे होने पर प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों एवं लोकतंत्र प्रहरियों का विशाल सम्मेलन 28 जून को रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित पंडित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक और राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के संस्थापक इंद्रेश कुमार मुख्य वक्ता होंगे।

लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे, जबकि अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे।

उपासने ने बताया कि आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को क्रमशः 31 हजार, 21 हजार और 11 हजार रुपये के नगद पुरस्कार तथा शील्ड प्रदान की जाएगी। इसके अलावा 10-10 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों को भी सम्मानित किया जाएगा।

लोकतंत्र प्रहरी के प्रदेश अध्यक्ष विशाल राजहंस ने बताया कि कार्यक्रम में लोकतंत्र प्रहरी द्वारा प्रकाशित ‘आपातकाल योद्धा’ स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के लोकतंत्र सेनानी परिवारों को मुख्यमंत्री की ओर से सम्मान निमंत्रण भेजे जा रहे हैं।

प्रदेश मीडिया प्रभारी आलोक श्रीवास्तव के अनुसार कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर मुख्यमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल की चर्चा हो चुकी है और सम्मेलन की तैयारियां शुरू कर दी गई है।


अन्य पोस्ट