ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 8 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एसईसीएल बिलासपुर के श्रद्धा महिला मंडल ने पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 4 जून से वसंत क्लब परिसर में पौधरोपण अभियान का आयोजन किया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक लोगों को पौधे लगाने और उनकी देखभाल के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर, श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष शशि दुहन, मंडल की उपाध्यक्षों और अन्य सदस्यों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों और कर्मचारियों को फलदार पौधों के साथ पर्यावरण अनुकूल जूट बैग वितरित किए गए। आयोजकों का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ दैनिक जीवन में प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर शशि दुहन ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव रखते हैं।
उन्होंने श्रद्धा महिला मंडल की विभिन्न क्षेत्रीय समितियों के लिए आगामी मानसून सत्र में कम से कम एक हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही जनभागीदारी के माध्यम से इस अभियान को और व्यापक बनाने पर जोर दिया, ताकि पर्यावरण संरक्षण एक जन आंदोलन का रूप ले सके।
इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की पदाधिकारी एवं सदस्याओं के साथ बड़ी संख्या में एसईसीएल के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


