ताजा खबर
ब्लैकमेलिंग करने वाली महिला गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 8 जून। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर एक युवक से लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। मानसिक दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को राजनांदगांव से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि राजनांदगांव जिले की एक महिला उसे लगातार परेशान कर रही थी। महिला उसके मोबाइल पर आपत्तिजनक और निजी तस्वीरें भेजकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देती थी। आरोप है कि वह इन तस्वीरों के आधार पर युवक से बार-बार पैसों की मांग भी कर रही थी।
जांच में सामने आया कि युवक और आरोपी महिला पहले से एक-दूसरे को जानते थे। बीते महीने से महिला ने कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग शुरू की। उसने युवक के साथ-साथ उसके परिजनों के मोबाइल नंबरों पर भी निजी तस्वीरें भेजीं और चेतावनी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वह तस्वीरों को इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर देगी।
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक तनाव के बाद युवक ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पिछले सात दिनों से उसका इलाज चल रहा है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और आरोपी महिला की तलाश शुरू की। इसके बाद पुलिस टीम ने राजनांदगांव पहुंचकर महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
अकलतरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है।


