ताजा खबर

9 साल से खनन बंद, लाखों टन लौह अयस्क उत्पादन और परिवहन!
07-Jun-2026 8:28 PM
9 साल से खनन बंद, लाखों टन लौह अयस्क उत्पादन और परिवहन!

बस्तरिया राज मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन, कंपनी पर कई आरोप, एफआईआर की मांग

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बचेली/किंरदुल, 7 जून।
दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के बचेली क्षेत्र स्थित अलनार लौह अयस्क खदान को लेकर नया विवाद सामने आया है। बस्तरिया राज मोर्चा, जिला इकाई दंतेवाड़ा ने 3 जून को पुलिस थाना किरंदुल में एक ज्ञापन सौंपकर मेसर्स आरती स्पंज एंड पावर लिमिटेड के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। संगठन ने कंपनी पर फर्जी उत्पादन दर्शाने, सरकारी दस्तावेजों में कूटरचना, धोखाधड़ी तथा आदिवासी अधिकारों के उल्लंघन जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि अलनार स्थित लौह अयस्क खदान में पिछले नौ वर्षों से कोई वास्तविक खनन गतिविधि नहीं दिखाई देती। इसके बावजूद कंपनी द्वारा सरकारी अभिलेखों में लाखों टन लौह अयस्क उत्पादन और परिवहन दर्शाया गया है। संगठन का दावा है कि वर्ष 2018 से 2025 के बीच लगभग 2.72 लाख टन लौह अयस्क उत्पादन दिखाया गया, जबकि जमीन पर खनन के कोई स्पष्ट प्रमाण मौजूद नहीं हैं।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कंपनी द्वारा जिन ट्रांजिट पास और वाहनों का उल्लेख किया गया है, उनका वास्तविक खनन और परिवहन गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है। संगठन ने कुछ वाहनों और चालकों का विवरण भी प्रस्तुत करते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।

बस्तरिया राज मोर्चा ने आरोप लगाया कि खदान पट्टा प्रदान करते समय ग्राम सभा की सहमति नहीं ली गई और पेसा अधिनियम तथा वन अधिकार अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया।

ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र के आदिवासी परिवारों के वनाधिकार दावों का निराकरण किए बिना खदान को अनुमति देना कानून के विपरीत है। संगठन का यह भी कहना है कि खदान पट्टे की शर्तों के अनुसार स्थानीय लोगों को रोजगार और क्षेत्रीय विकास का लाभ मिलना था, लेकिन जब वास्तविक खनन कार्य ही नहीं हुआ तो रोजगार सृजन का दावा भी संदेह के घेरे में आ जाता है।

ज्ञापन में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत कथित अपराधों का उल्लेख करते हुए कंपनी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर दंतेवाड़ा और पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा को भी भेजी गई है।


अन्य पोस्ट