ताजा खबर
विशाखापत्तनम, 6 जून। विशाखापत्तनम बंदरगाह के आंतरिक सुरक्षित जलक्षेत्र में 292 मीटर लंबा केप-आकार का एक विशाल मालवाहक जहाज खड़ा करने में सफलता मिली है।
विशाखापत्तनम बंदरगाह प्राधिकरण (वीपीए) ने कहा कि ‘एमवी ग्रेशियस’ नाम का यह जहाज ईक्यू-1 बर्थ पर लगाया गया। इस जहाज की चौड़ाई 45 मीटर है जबकि पानी में डूबने की गहराई 12.2 मीटर है।
केप-आकार के मालवाहक बड़े जहाज होते हैं, जो करीब दो लाख टन तक माल ढो सकते हैं। अपने बड़े आकार की वजह से ये जहाज पनामा नहर से नहीं गुजर सकते हैं और आमतौर पर केप ऑफ गुड होप के रास्ते ही यात्रा करते हैं।
प्राधिकरण ने एक बयान में कहा, “वीपीए ने केप-आकार के मालवाहक जहाज एमवी ग्रेसियस को आंतरिक जलक्षेत्र की ईक्यू-1 बर्थ पर सफलतापूर्वक खड़ा कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।”
यह उपलब्धि वीपीए के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि अब बंदरगाह के पास एक से अधिक ऐसे स्थान उपलब्ध हैं जो केप-आकार के बड़े जहाजों को संभाल सकते हैं, जिससे इसकी माल ढुलाई क्षमता और मजबूत हुई है। (भाषा)


