ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 6 जून। सरगुजा जिले में एक निजी अस्पताल के डॉक्टर की पत्नी ने स्पीच थेरेपिस्ट पर रेप कर लगातार ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी महिला वर्ष 2023 में अपने बेटे के तुतलाने की समस्या के उपचार के लिए मिशन चौक स्थित स्पीच थेरेपिस्ट डॉ. प्रांजुल बलियान के क्लीनिक पहुंची थी। बच्चे की नियमित थेरेपी के दौरान महिला का क्लीनिक आना-जाना बना रहा, जिससे दोनों के बीच परिचय बढ़ा।
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि 10 अगस्त 2023 को क्लीनिक में मुलाकात के दौरान आरोपी ने उसके साथ रेप किया। महिला का कहना है कि सामाजिक बदनामी और शर्म के कारण उसने उस समय किसी को घटना की जानकारी नहीं दी।
शिकायत के मुताबिक, पहली घटना के बाद आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा और दबाव बनाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी धमकी देकर उसे अपने प्रभाव में रखता था।
पीडि़ता के अनुसार, 1 जून को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ मारपीट की तथा धमकी भी दी। घटना के बाद महिला ने पूरी जानकारी अपने पति को दी।
इसके बाद 4 जून को महिला ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर डॉ. प्रांजुल बलियान के खिलाफ रेप, धमकी एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच के बाद पुलिस ने 5 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


