ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 6 जून। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में एक वृद्ध महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए प्रेमी-प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने अपने प्रेम संबंध में बाधा बनने पर महिला की हत्या की थी। प्रेमिका मृतका की भतीजी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जुना लखनपुर निवासी 65 वर्षीय लक्ष्मी लकड़ा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना एक जून को थाना लखनपुर में दर्ज कराई गई थी। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू की।
घटनास्थल के निरीक्षण और शव परीक्षण के दौरान मृतिका के शरीर पर चोट एवं घर्षण के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को हत्यात्मक बताया गया, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में घटना की रात एक युवक को मृतिका के घर में प्रवेश करते और कुछ देर बाद बाहर निकलते देखा गया। इसके बाद मृतिका की भतीजी तेरेसा एक्का भी उसके साथ मोटरसाइकिल में जाती दिखाई दी।
तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तेरेसा एक्का और उसके प्रेमी आशीष कुमार गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उनके प्रेम संबंध का मृतिका विरोध करती थी। इसी वजह से उन्होंने कथित रूप से महिला के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और घटनास्थल से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में आशीष कुमार गुप्ता (30 वर्ष), निवासी बाजारपारा लखनपुर तथा तेरेसा एक्का (20 वर्ष), निवासी रानीकछार, लखनपुर शामिल हैं।
मामले की विवेचना एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी संपत पोटाई सहित लखनपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


